अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
सूरजपुर - छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सूरजपुर प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की दोहरे हत्या के मामले में प्रशासन ने आज आरोपी कुलदीप साहू के तीन मकानों पर बुलडोजर चलाया है। सूरजपुर नगरपालिका प्रशासन ने घर को अवैध निर्माण बताते हुये आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा किया था। जिसके बाद आज तड़के सुबह नगरपालिका और जिला प्रशासन की टीम बुलडोजर और सुरक्षा के लिये पर्याप्त पुलिस बल के साथ पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। बताते चलें कि सूरजपुर डबल मर्डर घटना 13 अक्टूबर की है। आरोपी कुलदीप साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और नौ साल की बेटी की नृशंस हत्या कर दी थी। आरोपी साहू का प्रधान आरक्षक के साथ पुराना विवाद चल रहा था , जिसके लिये उसने प्रधान आरक्षक को मारना चाहा लेकिन जब वह इसमें कामयाब नहीं हो सका तो उसने प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या कर दी थी। घर में घुसकर डबल मर्डर के बाद जिले सहित पूरे प्रदेश में विरोध होने लगा और आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग उठने लगी। इस प्रकरण में सोलह अक्टूबर को पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप साहू सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और 21 अक्टूबर को शासन ने जिले के पुलिस अधीक्षक एम०आर० आहिरे को बदलकर प्रशांत ठाकुर को जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
Tags
सूरजपुर